आगामी त्योहार दशहरा, रामलीला, भरत मिलाप को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सम्पन्न

शासन की गाइडलाइन पर ही मनाए जाएंगे त्योहार

मऊ : आगामी त्योहार दशहरा, रामलीला, भरत मिलाप को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को हुई। इसमें शासन की गाइडलाइन के अनुसार त्योहारों को मनाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी त्योहार को कोविड-19 के दृष्टिगत रखते हुए किस तरह मनाना है इसके लिए शासन द्वारा जो भी गाइडलाइन जारी किया गया है। आयोजनों के लिए स्थल पूर्व में चिह्नित कर उसकी सीमा सुनिश्चित करते हुए विस्तृत साइट प्लान तैयार कर लिया जाए। जिससे शारीरिक दूरी बनाए रखने, प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर सैनिटाइजेशन, थर्मल स्कैनिग उपकरणों की पर्याप्त सुविधा होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों एवं आगंतुकों के प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग रास्ते बनाएं जाने चाहिए, सभी दर्शक को फेस कवर/मास्क का उपयोग कर कार्यक्रम स्थल के अंदर आने की अनुमति दें। आयोजक एवं प्रबंधक 65 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों, गंभीर रोग से ग्रसित व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं तथा 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को घर पर सुरक्षित रहने की सलाह दें। मूर्तियों की स्थापना पारंपरिक परंतु खाली स्थान पर की जाए एवं उनका आकार छोटा रखा जाए तथा मैदान की क्षमता से अधिक लोग ना रहे हैं। चौराहे तथा सड़क पर कोई मूर्ति, ताजिया न रखी जाए।

मूर्तियों के विसर्जन में यथासंभव छोटे वाहनों का प्रयोग किया जाए तथा मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रम में कम से कम व्यक्ति उपस्थित हों। इस पर उमाशंकर उमर, नगर पालिकाध्यक्ष तैय्यब पालकी, मदन देववंशी, जलज सिंह, श्यामकरन राय, मदन सिंह रामलीला समिति, नीरज शाही, लक्ष्मीकांत गुप्ता वलीदपुर द्वारा सरकार की गाइडलाइन के अनुसार त्योहार मनाने का आश्वासन दिया गया। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि कोविड-19 इस साल की सबसे बड़ी चुनौती है। इसलिए उचित दूरी बनाएं एवं मास्क का उपयोग अवश्य करें। बताया कि सोशल मीडिया पर बहुत सी अफवाह फैलाई जाती हैं ऐसा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू हो रहा है। इसमें खांसी, सर्दी, जुखाम ज्यादा होता है। सर्दी के मौसम में कोरोना के बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसलिए जब भी घर से बाहर निकले तो मास्क का उपयोग अवश्य करें। संचालन राजेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, समस्त थाना अध्यक्ष सहित शांति समिति के अध्यक्ष उपस्थित थे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज