उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई में हो सकते हैं बड़े फेरबदल?

लखनऊ: लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रदेश कांग्रेस संगठन को और धार देगी। रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की अध्यक्षता में हुई प्रदेश, जिला व शहर पदाधिकारियों व फ्रंटल संगठनों की बैठक में संगठन को मजबूत बनाकर लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर जोर दिया गया। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रदेश व देश से विघटनकारी शक्तियों को हर हाल में परास्त करना जरूरी है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रदेश के हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता तक पहुंचकर पूरे प्रदेश में जोनल स्तर पर व्यापक संवाद अभियान की शुरुआत कर संगठन को धार देने का काम करना होगा।

कांग्रेस 14 जनवरी को सभी मुख्यालय से भारत जोड़ो न्याय मशाल यात्रा शुरू करेगी

इस संवाद यात्रा के माध्यम से गांधी व नेहरू की वैचारिक राष्ट्रीय राजनीति को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को मणिपुर से राहुल गांधी की अगुवाई में शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश में सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय की लड़ाई को मजबूती देगी। इस क्रम में प्रदेश कांग्रेस 14 जनवरी को प्रत्येक जिला मुख्यालय से भारत जोड़ो न्याय मशाल यात्रा शुरू करेगी। यह यात्रा प्रत्येक जिले में शाम छह बजे से शुरू होकर पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए शहीद स्थल पर संकल्प के साथ सम्पन्न होगी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस 2024 में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उत्तरने में कामयाब होंगी और भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। संवाद कार्यक्रम के लिए जोन वाइज होंगी बैठकें

संवाद कार्यक्रम के लिए प्रदेश को छह जोनों में बांटकर कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई। इसके तहत 11 जनवरी को पश्चिमी जोन की मीटिंग मेरठ में, 12 जनवरी को बुंदेलखंड जोन की बैठक कानपुर, 13 जनवरी बृज जोन की बैठक मथुरा, 16 जनवरी को पूर्वांचल जोन की बैठक गोरखपुर व 17 जनवरी को प्रयाग जोन की बैठक वाराणसी व 18 जनवरी अवध जोन की बैठक लखनऊ में होगी।

निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय पदाधिकारियों को किया जाएगा नियुक्त

संगठन में बूथ स्तर तक पुनर्निरीक्षण कर निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय पदाधिकारियों को नियुक्त करने व रिक्त पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति करने का फैसला लिया गया। सभी जिलों के बूथों पर बीएलए की नियुक्ति करने पर चर्चा हुई। बैठक में डोनेट फॉर देश की मुहिम के अन्तर्गत चलायी जा रही आर्थिक सहयोग (क्राउडफंडिंग) के लिए व्यापक अभियान चलाने का। फैसला लिया गया।

15 जनवरी को कांग्रेस नेता जाएंगे अयोध्या

लखनऊ। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के पहले कांग्रेस के नेता 15 जनवरी को अयोध्या जाएंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा अन्य पार्टी नेता अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज