पूर्वांचल को मिलेंगे नए रेडियोलॉजिस्ट, मऊ का गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल बना मेडिकल शिक्षा का नया केंद्र

डीएनबी सर्जरी और डीएमआरडी रेडियोलॉजी कोर्स की पढ़ाई शुरू, देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे प्रशिक्षु छात्र मऊ
मऊ, पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए जनपद मुख्यालय स्थित गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल एंड पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। यहां नीट पीजी परीक्षा के माध्यम से चयनित प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने डीएनबी सर्जरी और डीएमआरडी रेडियोलॉजी कोर्स में प्रशिक्षण एवं अध्ययन प्रारंभ कर दिया है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
संस्थान के प्रबंधक डॉ अभिषेक गुप्ता ने बताया कि मऊ जैसे छोटे जनपद में डीएनबी सर्जरी और डीएमआरडी रेडियोलॉजी डिप्लोमा कोर्स की सीट आवंटित होना पूरे जिले के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्थान को दोनों कोर्सों के लिए कुल चार सीटें आवंटित हुई थीं, जिन पर जयपुर, दिल्ली, बरेली और जोधपुर जैसे शहरों से आए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है।
उन्होंने बताया कि संस्थान में डीएनबी सर्जरी की दो तथा डीएमआरडी रेडियोलॉजी की दो सीटें निर्धारित थीं, जो पूरी तरह भर चुकी हैं। भविष्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार हेतु सरकार से अतिरिक्त सीटों की मांग की जाएगी, ताकि पूर्वांचल में रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञों की कमी को दूर किया जा सके और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।
संस्थान के एमडी डॉ पीएल गुप्ता ने बताया कि वर्ष 1994 से गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल एंड पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट लगातार जनपदवासियों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रो सेवाओं के साथ एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक चिकित्सा उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत अब अस्पताल मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों को बड़ी संख्या में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। साथ ही 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध हैं और जल्द ही नेफ्रो प्लस के सहयोग से डायलिसिस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।



