व्यापारी एकता को लेकर भारतीय आदर्श व्यापार मंडल का बड़ा आह्वान

गाजीपुर। भारतीय आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनीस अहमद ने जिले के समस्त व्यापारी संगठनों एवं व्यापारियों से एक महत्वपूर्ण अपील जारी करते हुए कहा कि वर्तमान समय व्यापारी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक है। उन्होंने कहा कि बदलते आर्थिक परिवेश, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और प्रशासनिक चुनौतियों के बीच अब यह स्पष्ट हो चुका है कि विखंडन में नहीं, बल्कि एकता में ही वास्तविक शक्ति निहित है।

प्रदेश अध्यक्ष अनीस अहमद ने कहा कि भारतीय आदर्श व्यापार मंडल ने हमेशा व्यापारियों के हितों के लिए सकारात्मक, मजबूत एवं संघर्षशील भूमिका निभाई है। संगठन ने निरंतर व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया है और हर वर्ग के व्यापारियों को साथ लेकर चलने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि जिले में अब ऐसा माहौल बन रहा है, जहाँ व्यापारी समाज स्वयं यह महसूस कर रहा है कि अलग-अलग संगठनों में बंटे रहने के बजाय एक मजबूत एवं प्रभावी मंच से जुड़ना समय की मांग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय आदर्श व्यापार मंडल किसी भी संगठन का विरोध नहीं करता, बल्कि सभी का सम्मान करते हुए यह आह्वान करता है कि—
“जो भी व्यापारी हित की सच्ची भावना से कार्य करना चाहता है, उसके लिए संगठन के द्वार सदैव खुले हैं।” उन्होंने सभी व्यापारी संगठनों एवं पदाधिकारियों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आएं और व्यापारी समाज की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करें, ताकि जिले में एक सशक्त, संगठित और प्रभावशाली व्यापारी शक्ति का निर्माण किया जा सके।

अनीस अहमद ने संगठन के मूल सिद्धांतों को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन में अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है, प्रत्येक व्यापारी को सम्मान दिया जाएगा, लेकिन संगठन की मर्यादा सर्वोच्च रहेगी। साथ ही सामूहिक नेतृत्व की भावना के साथ मजबूत संगठनात्मक संरचना को प्राथमिकता दी जाएगी। अंत में उन्होंने सभी व्यापारियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संकल्प लें कि व्यापारी समाज की आवाज को इतना मजबूत बनाया जाए कि कोई भी उसे अनदेखा न कर सके।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज