तंबाकू मुक्त पुलिस बल की दिशा में बड़ा कदम, 500 ट्रेनी पुलिसकर्मियों ने ली शपथ

मऊ, 19जनवरी 2026
मऊ में तंबाकू नियंत्रण को लेकर एक सशक्त और प्रेरणादायी पहल देखने को मिली, जहाँ कानून के रखवालों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
मऊ जनपद में 18 जनवरी 2026, दिन रविवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला सलाहकार डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने लगभग 500 ट्रेनी पुलिस कर्मियों को कोटपा अधिनियम 2003 की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार तंबाकू कई जानलेवा बीमारियों की जड़ है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समस्त ट्रेनी पुलिस कर्मियों ने तंबाकू का सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस जागरूकता कार्यक्रम में सीओ दिनेश दत्त मिश्रा, आर.आई. अरुण कुमार सिंह, एस.आई. इंद्रजीत पटेल, यूपी वीएच लखनऊ से दिलीप कुमार पांडेय, तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ मऊ से काउंसलर वीरेंद्र यादव, सोशल वर्कर लक्ष्मीकांत दुबे एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सतीश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों ने सराहा और इसे तंबाकू मुक्त समाज की दिशा में एक अहम कदम बताया।



