बेगमपुरा एक्सप्रेस को मऊ से चलाने की मांग उद्योग व्यापार मंडल ने की

मऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला कमेटी की बैठक कोपागंज में युवा व्यापार मंडल के कार्यालय पर जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर की अध्यक्षता में हुई।जिसका संचालन कोपागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमृतलाल जायसवाल ने किया। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन को मऊ जंक्शन से चलाएं जाने तथा मऊ जंक्शन से जोधपुर के लिए पूजा स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन को चलाए जाने की रेल मंत्रालय के निर्णय का स्वागत किया। तथा रेल मंत्री का आभार प्रकट किया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री ओमर ने कहा कि मऊ नगर सहित कोपागंज घोसी, मोहम्मदाबाद गोहना, वलीदपुर भीरा, खैराबाद, जहानागंज, चिरैयाकोट, मुबारकपुर, बहादुरगंज आदि क्षेत्र बुनकर बाहुल्य है। यहां की बनी हुई साड़ियां चेन्नई तथा उड़ीसा साइड में जाती हैं। परंतु उस साइड के लिए मऊ जंक्शन से कोई सीधी ट्रेन नहीं रहने के कारण उस क्षेत्र से आने जाने वाले व्यापारियों तथा बुनकरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मऊ जंक्शन से तिरुवंतपुरम तथा उड़ीसा साइट के जगन्नाथपुरी तक ट्रेन चलाया जाने की भारत सरकार के रेल मंत्री से मांग करती है। आईटी मंच के प्रदेश महामंत्री आनंद ओमर ने रेल मंत्री से मांग किया कि वाराणसी से जम्मू तवी तक जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन जिसके रूट का विस्तार होने वाला है। उसको मऊ जंक्शन से जम्मू तवी के लिए चलाया जाए। मऊ क्षेत्र के साड़ी के व्यवसाय के साथ साथ धार्मिक यात्रियों को बहुत बड़ा लाभ मिल जाएगा। बैठक में भारी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।



