सिलेंडर धमाके से दहला वलीदपुर, दर्जन भर लोगों की मौत


शुभम वाधवानी

मऊ वलीदपुर नगर के मोहल्ला बिचलापुरा में सोमवार की सुबह एक घर अचानक हुए धमाके में पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से लगभग दर्जन भर लोगों का शव निकाला गया। वहीं हादसे में अन्य घायल लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, सभी काे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस भीषण हादसे की जानकारी होने के बाद मौके पर डीएम और एसपी के साथ अन्य अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार परिवार में सुबह एचपी के घरेलू सिलेंडर में भोजन बन रहा था, इसी दौरान सिलेंडर में धमाका होने के बाद पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीम गोरखपुर से रवाना हो गई।

घायलों की सूची

शैलेश वर्मा पुत्र रामाश्रय (32) वर्ष, रामबालक मद्धेशिया पुत्र केशव (57) वर्ष, रीना पुत्री कन्हैया (22) वर्ष, मोना पुत्री छोटू (20), सुनीता पत्नी भिर्गु नाथ (30) वर्ष, ममता पुत्री कन्हैया (22) वर्ष, सोनम पुत्री कन्हैया (21), चमेली पत्नी स्वर्गीय नारायण (50) वर्ष, सुभावती पत्नी स्वर्गीय खेदु (58) वर्ष, रामरति पत्नी सत्यप्रकाश (50) वर्ष, अजीत पुत्र भिर्गु नाथ उम्र (8) वर्ष, अर्चना पुत्री बिरजू (15) वर्ष, संजना पुत्री स्वर्गीय छोटू (16) वर्ष, इंद्रावती पत्नी दूधनाथ (45) वर्ष।

सुबह धमाके से टूटी नींद

स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार तड़के करीब सात बजे वलीदपुर नगर में बिचलापुर मोहल्ले में छोटू विश्वकर्मा के घर अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई पड़ी। धमाका इतना जोरदार था कि मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया, जबकि आस पड़ोस के मकानों में दरारें तक पड़ गईं। वहीं हादसे की जानकारी होते ही पूरा मोहल्ला उमड़ पड़ा और धमाके में ध्वस्त मकान से घायलों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। वहीं हादसे की जानकारी होते ही पुलिस टीम भी पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरु किया गया। एक एक कर सात शव मकान से निकले जबकि चौदह घायलों को अस्पताल भेज दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज