राज्यमंत्री ने जनसंपर्क कर बताई सरकार की उपलब्धियां


तहलका ब्यूरो

कोपागंज मऊ। भारतीय जनता पार्टी घोसी विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आज उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सदर क्षेत्र से विधायक और भाजपा के संसदीय कार्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, विकासखंड, कोपागंज अंतर्गत विभिन्न गांवों में ग्रामीण जनसंपर्क के लिए पहुंचे। श्री शुक्ल ने ग्राम वासियों से पूर्व की सरकारों की लूट-खसोट, भ्रष्टाचार की राजनीति को ध्यान रखते हुए, साफ नियत वाली भाजपा सरकार को विकास और राष्ट्र के नाम पर वोट करने की अपील की।

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने सबसे पहले एस०आर० प्लाजा में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तरीय संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता के बीच पहुंचाने का निर्देश दिया। उसके बाद विकास खंड कोपागंज के लाडनपुर, माफी, खुखंदवा, पुरानेकोपा, हिकमा आदि गांवों में पहुंचकर श्री शुक्ल ने लोगों से कहा कि आप सब पूर्व की सरकारों की लूट-खसोट, भ्रष्टाचार की राजनीति को ध्यान रखते हुए, साफ नियत वाली भाजपा सरकार को राष्ट्र और विकास के नाम पर वोट करें। खुखंदवा गांव में उ०प्र० सरकार राज्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार ने समाज के सभी वर्गों के हित के लिए कार्य किया है। भाजपा हमेशा से भेदभाव रहित विकास की राजनीति को वरीयता देते हुए समाज के हित में कार्य करने वाली पार्टी रही है। हमें उम्मीद है कि सभी घोसी विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर भाजपा को विजयश्री दिला कर विकास को ही चुनेंगे। इस दौरान राजनाथ मिश्रा, भाजपा किसान मोर्चा रा० कार्यकारिणी सदस्य ने लोगों से बात करते हो बताया कि केंद्र और राज्य सरकार आने वाले कुछ वर्षों में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के विकास से ही भारत का विकास संभव है।

इस कार्यक्रम और जनसंपर्क के दौरान डॉ अवनीश पांडे, ओम प्रकाश पांडे, उपेंद्र पति पांडे, सत्येंद्र दीक्षित, अतुल तिवारी, उमाशंकर तिवारी, सत्येंद्र पांडे, अमित पांडे, विजय प्रकाश पांडे सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज