भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के सभी बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना गया।

मऊ, इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने परदहा मंडल के बूथ संख्या 271 पर तथा भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण कांत राय ने मोहम्मदाबाद मंडल के बूथ संख्या 191 पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात को सुना।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 110वें कार्यक्रम में अपने विचार सांझा किए। पीएम ने इस दौरान 8 मार्च को मनाए जाने वाले महिला दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह विशेष दिन देश की विकास यात्रा में नारी शक्ति के योगदान को नमन करने का अवसर होता है। पीएम ने कहा कि आज भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसने सोचा था कि हमारे गांव में रहने वाली महिलाएं भी ड्रोन उड़ाएंगी लेकिन आज यह संभव हो रहा है। आज गांव गांव में ड्रोन दीदी की चर्चा है, हर किसी की जुबान पर नमो ड्रोन दीदी का नाम है। वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश के विभिन्न हिस्सों में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रौद्योगिकी का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। कुछ दिनों बाद, 3 मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस है। यह दिन वन्यजीवों के संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व वन्यजीव की थीम में डिजिटल नवाचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर के टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 250 के आंकड़े को पार कर गई है। पीएम मोदी ने युवाओं से आगामी लोकसभा चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया और प्रभावशाली लोगों से पहली बार मतदाताओं को प्रेरित करने के अभियान में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं देश के प्रभावशाली लोगों से भी अपील करूंगा, चाहे वे खेल जगत से हों, फिल्म उद्योग से हों, साहित्य से हों, अन्य पेशेवर हों, या हमारे इंस्टाग्राम और यूट्यूब के प्रभावशाली लोग हों। उन्हें भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए और हमारे पहली बार के मतदाताओं को प्रेरित करें। यह देश में आम चुनावों का समय है, पहले की तरह, संभवतः मार्च के महीने में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज